दैनिक झारखंड न्यूज
रांची । झारखंड के स्वास्थ्य अनुबंध कर्मी 4 अगस्त से हड़ताल पर रहेंगे। इसकी सूचना उन्होंने दे दी है। उनके हड़ताल में जाने पर स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा सकती है। उनका कहना है कि कोरोना संकट के दौरान विपरीत परिस्थिति में काम करने के बाद भी उनकी मांगों को सरकार अनसुना कर रही है।
जानकारी के मुताबिक झारखंड राज्य अनुबंध पारा चिकित्साकर्मी संघ के बैनर तले अनुबंध कर्मी 4 अगस्त को सांकेतिक हड़ताल करेंगे। मांगो पर विचार नहीं किये जाने पर 5 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। राज्य के सभी स्वास्थ्य अनुबंधकर्मी हड़ताल पर रहेंगे।
स्वास्थ्य अनुबंधकर्मियों का कहना है कि दिन रात विपरीत परीस्थितियों में सभी कोरोना योद्धा कार्य कर रहे है। इसके बाद भी उनकी मांगों पर सरकार विचार नहीं कर रही है। अनुबंध पर कार्यरत कई कोरोना योद्धा की मृत्यु हो गई है, लेकिन सरकार की तरफ से घोषणा की गई 50 लाख रुपये की बीमा राशि नहीं दी गई है। वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा।
संघ ने सभी स्वास्थ्य अनुबंधकर्मियों के विभाग में समायोजन करने की मांग की है। कहा है कि जब तक समायोजन नहीं होता है, तब तक सभी स्वास्थ्य अनुबंधकर्मियों को समान कार्य के बदले समान वेतन और अन्य लाभ दिया जाएं।