जिस पंडित ने फेरे करवाए उसके साथ ही भागी दुल्हन
- पंडित और नवविवाहिता युवती के बीच करीब 2 साले से अफेयर चल रहा था
दैनिक झारखंड न्यूज
भोपाल। मध्य प्रदेश में सिरोंज के टोरी बागरोद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन शादी के 15 दिन बाद उस पंडित के साथ भाग गई, जिसने मंडप में उसके फेरे करवाए थे। दरअसल, 21 वर्षीय युवती की शादी बासौदा के आसठ गांव में रहने वाले युवक से 7 मई को हुई थी। आसठ गांव के ही रहने वाले पंडित विनोद महाराज ने युवक-युवती की शादी करवाई थी।
शादी के बाद लड़की की विदाई हुई। इसके तीन दिन बाद दुल्हन मायके लौटी। इसी बीच 23 मई की रात जब दुल्हन के परिवार वाले एक अन्य शादी समारोह में व्यस्त थे, तब युवती उसी पंडित विनोद के साथ फरार हो गई।बताया जा रहा है कि जिस शादी में दुल्हन के परिवार वाले शरीक होने गए थे उस शादी में भी फेरे करवाने की जिम्मेदारी पंडित विनोद को ही दी गई थी। लेकिन शादी की रस्मों के पहले ही विनोद गायब हो गया
जब पंडित विनोद की तलाश शुरू हुई, तो पता लगा कि दुल्हन भी घर से गायब है। इसके बाद उसके परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने यहां मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। इसके बाद खबर मिली कि विनोद और नवविवाहिता युवती के बीच करीब 2 साले से अफेयर चल रहा था। पंडित विनोद पहले से शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे भी हैं और घटना वाले दिन से उसका पूरा परिवार गायब है।