किसान आंदोलन : लाल किले में घुसे प्रदर्शनकारी, लाठीचार्ज, आंसूगैस भी छोड़ी, मेट्रो ट्रेन रोकी
दैनिक झारखंड न्यूज
नई दिल्ली । गणतंत्र दिवस पर आयोजन की बीच दिल्ली में आज किसानों का ट्रैक्टर मार्च बेकाबू हो गया। दिल्ली में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस के बीच झड़प की खबरें आ रही है। हजारों की तादाद में किसानों ने लाल किले में भी प्रवेश कर लिया है और ट्रैक्टरों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच यह भी खबर है कि प्रदर्शनकारियों ने लाल किले की प्राचीन से अपना पीले रंग का झंडा भी लहराया है।
दिल्ली में कई स्थानों पर बैरिकैडिंग तोड़ दी गई है। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया है और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। खबर है कि भीड़ को काबू करने के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं और प्रदर्शनकारियों की तरफ से पुलिस के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने के भी प्रयास किए गए हैं। दिल्ली में मेट्रो सेवा भी किसानों के प्रदर्शन के कारण प्रभावित हुई है।
#WATCH दिल्ली: लाल किले के अंदर एक प्रदर्शनकारी ने पोल पर अपना झंडा लगाया। #FarmersProtest pic.twitter.com/Uc1hVFH2ef
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 26, 2021
अक्षरधाम मंदिर की तरफ बढ़ रहे किसान
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एनएच-24 पर भी किसान रास्ते में बैरिकेड तोड़ अक्षरधाम मंदिर की तरफ बढ़ रहे हैं। कुछ स्थानों पर किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी की शीशे भी तोड़ दिए हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों द्वारा पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। वहीं आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं। दिल्ली में प्रदर्शनकारी किसानों ने आईटीओ इलाके में एक डीटीसी बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने जब ऐसा करने से इनकार किया तो बहस करने लगे और पथराव शुरू कर दिया। यह भी जानकारी है कि कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों की ट्रैक्टर रैली दिलशाद गार्डन पहुंची।पुलिस किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है।
#WATCH दिल्ली: संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। सिंघू बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली यहां पहुंची थी। #FarmersProtests pic.twitter.com/SIYjO8muPo
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 26, 2021
राकेश टिकैत बोले, हिंसा की मुझे जानकारी नहीं
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। ट्रैक्टर रैली के दौरान कुछ जगह पर हो रही हिंसा पर राकेश टिकैत ने कहा कि ये मेरी जानकारी में नहीं है। खबर है कि किसान संगठन से जुड़े कार्यकर्ता लगातार निर्धारित मार्ग को तोड़कर दिल्ली में प्रवेश की कोशिश कर रहे हैं।
कृषि क़ानूनों के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे प्रदर्शनकारियों की भीड़ टिकरी बॉर्डर पर जमा हुई। #FarmersProtest pic.twitter.com/rhzvaZDGcf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 26, 2021
गौरतलब है कि तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान आज राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च कर रहे हैं। आज होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर से दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं। टिकरी बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली दिल्ली में दाखिल हुई। इसी के मद्देनजर गणतंत्र दिवस समारोह व किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा कर दी गई है और सड़कों पर 50000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं।